बेमेतरा जिला शिक्षा अधिकारी का तुगलकी फरमान, बिना तैयारी 15 जून से सभी शिक्षको को स्कूल में उपस्थिति देने के दिए निर्देश

– शालेय शिक्षाकर्मी संघ ने किया विरोध, आदेश निरस्त करने उच्चाधिकारियों को सौंपा ज्ञापन।

*रायपुर-* बेमेतरा जिला के जिला शिक्षा अधिकारी ने 15 जून से सभी शिक्षकों को शाला में उपस्थिति देने हेतु आदेश जारी किया है। शालेय शिक्षाकर्मी संघ ने इस आदेश को राज्य शासन के आदेश के विपरीत बताते हुए निरस्त करने की मांग की है। इस संबंध में शालेय शिक्षाकर्मी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के नेतृत्व में संयुक्त संचालक कार्यालय दुर्ग पहुंचकर संयुक्त संचालक पीके पांडेय की अनुपस्थिति में सहायक संचालक एएन व्ही सत्यनारायण स्वामी को ज्ञापन सौंपकर चर्चा की।
शालेय शिक्षाकर्मी संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे ने बताया कि बिना पूर्व तैयारी एवं स्कूल शिक्षा विभाग से जारी निर्देश आदेश के बिना विद्यालय में शिक्षको को बुलाना खरतनाक हो सकता है। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी बेमेतरा को पुनर्विचार करना चाहिए।
शालेय शिक्षाकर्मी संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी बेमेतरा द्वारा 15 जून से सभी शिक्षको को शाला में उपस्थित होने का आदेश जारी किया गया है। चूंकि वैश्विक महामारी कोरोना के मद्देनजर 19 मार्च 2020 को स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आगामी आदेश पर्यंत सभी विद्यालयों को बंद करने के आदेश जारी किए गए थे। इससे स्पष्ट हो रहा है कि जिला शिक्षा अधिकारी अपने उच्च अधिकारियों के आदेश को दरकिनार कर रहे हैं।
संघ के बेमेतरा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में बेमेतरा सहित छत्तीसगढ़ में कोरोना तेजी से फैल रहा है। जिले के तीन विकासखंड बेमेतरा, साजा नवागढ़ रेड जोन घोषित है। चौथा विकासखंड बेरला भो ऑरेंज ज़ोन से रेड ज़ोन की ओर बढ़ रहा है। कई स्थानों को काँटेन्मेंट क्षेत्र घोषित करके सील कर दिया गया है। जिले के लगभग सभी स्कूल को क्वारेंटीन सेंटर बनाया गया है। जहां अभी भी बाहर से आये लोगो को रखा गया है। ऐसे में पूरे विद्यालय को सेनेटाइज करने की भी आवश्यकता है।
संघ के प्रदेश प्रवक्ता गजराज सिंह राजपूत ने बताया कि शिक्षक अपने शिक्षकीय कार्य करने में सजग एवं तत्पर है परंतु संक्रमण काल मे सभी शिक्षकों को एक साथ विद्यालय में बुलाना, कोरोना संक्रमण को बढ़ा सकता है। इसलिए जिला शिक्षा अधिकारी बेमेतरा को यह आदेश वापस लेना चाहिए। साथ ही पूरे प्रदेश में विद्यालय खोला जाये अथवा अभी न खोला जाये इसका निर्णय एक साथ लेना चाहिए।

– जिले में भी उच्चाधिकारियों को सौंपा ज्ञापन –

उक्त मामले को लेकर संघ के जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह द्वारा कलेक्टर सहित सभी सक्षम अधिकारियों को आदेश निरस्तीकरण हेतु ज्ञापन सौंपा गया है। प्रतिनिधि मंडल में तिवारी, रविकांत देवांगन, रोशन देशमुख उपस्थित थे।

Spread the love

You missed